अविनाश कर्ष। कोरबा के पाली इलाके में एक विशालकाय मगरमच्छ देखा गया। गांव के समीप खेत में करीब 12 फीट लंबे मगरमच्छ को देखकर मौके पर अफरा तफरी मच गई।
ये दिलचस्प तस्वीर जिला मुख्यालय से 60 किलोमीटर दूर पाली ब्लॉक के बतरा गांव से सामने आई है। बिजराभौना में रहने वाले किसान देवचरण उईके सुबह के वक्त अपने खेत पहुंचे। काम करने के लिए खेत में उतरे ही थे कि धान की फसल के बीच से कुछ हरकत हुई। पास जाकर देखा तो देवचरण के होश फाख्ता हो गए। उसका सामना विशालकाय मगरमच्छ से हो गया। पहले तो किसान को कुछ समझ नहीं आया जैसे ही मगरमच्छ उसकी ओर बढ़ा देवचरण चीखते हुए मौके से भाग खड़ा हुआ। खेत में मगरमच्छ आने की खबर पूरे गांव में फैल गई। मौके पर ग्रामीणों को भाड़ उमड़ गई। करीब 12 फीट लंबे मगरमच्छ को इतने करीब से देखना लोगो के लिए रोमांच का विषय तो था ही खतरनाक भी था। कुछ युवकों ने हिम्मत कर के रस्सी से बांध कर मगरमच्छ को काबू करने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर वन अमला मौके पहुंचा और मगरमच्छ का सफल रेस्क्यू कर लिया।