कोरबा। शहर की सरकारी जमीन प्रशासनिक लापरवाही के कारण बड़े पैमाने पर अतिक्रमण की चपेट में है।
कांग्रेस की सरकार बदलते ही नगर निगम के द्वारा ऐसे ही एक अतिक्रमण पर सोमवार को बुलडोजर चलाया गया, जिस पर राताखार निवासी मुर्तजा, राजेश यादव और किशोर नामक व्यक्ति का कब्जा था। भैंस खटाल की आड़ में कई एकड़ सरकारी जमीन पर राख पाटकर कब्जा किया गया था। इसे निगम की अतिक्रमण टीम ने सोमवार को तोड़ दिया।

ऐसा भी बताया गया है कि अतिक्रमण करने वालों के हौसले काफी बुलंद हैं। वह जहां खाली जमीन देखते हैं, वहां कब्जा कर रहे हैं। मुर्तजा, राजेश यादव और किशोर को निगम ने पहले भी नोटिस दिया था। लेकिन कार्यवाही और नोटिस के बाद भी वह दोबारा कब्जा कर रहे थे।

टीपी नगर बाईपास में भी कब्जा, ननकी बैठे थे धरने पर :

मुर्तजा द्वारा न सिर्फ राताखार ही नहीं बल्कि शहर के कई स्थानों पर कब्जा किया गया है। यह वही मुर्तजा है, जिसका टीपी नगर बायपास रोड में भी कब्जा है। टीपी नगर से फाटक पार करते हुए बुधवारी बाजार तक पहुंचने वाले बायपास रोड में मुर्तजा ने कब्जा किया था। जब प्रशासन यहां कार्रवाई करने पहुंची, तब रामपुर के पूर्व विधायक ननकीराम कंवर धरने पर बैठ गए थे। जिसके कारण ही तब मुर्तजा के अवैध कब्जा पर कार्रवाई नहीं हो पाई थी।